Home / Flash / सिलेंडर विस्फोट में तीन मासूमों समेत 5 लोगों की मौत

सिलेंडर विस्फोट में तीन मासूमों समेत 5 लोगों की मौत

राजेश पाठक की खास रिपोर्ट

दिल्ली। काकोरी कस्बे में मंगलवार की देर रात लगभग 11 बजे जरदोजी कारीगर के मकान की दूसरी मंजिल पर रखे दो सिलेंडरों में विस्फोट से पांच लोगों की मौत हो गई। विस्फोट इतना तेज था कि दूर तक लोगों को धमाके की आवाज सुनाई दी। घर की छत और दीवारें ढह गईं। आस-पास के लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आये।

मरने वालों में जरदोजी कारीगर 50 वर्षीय मुशीर, पत्नी 45 वर्षीय हुस्नाबानो, सात साल की भतीजी राइया, बहनोई अजमत की बेटियां चार वर्षीय हुमा और दो साल की हिना शामिल हैं। हादसे में चार लोग झुलस गये हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घर के अन्य सदस्यों के मुताबिक कमरे में शार्ट सर्किट से पहले आग लगी और इसके बाद सिलेंडर में विस्फोट हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही डीसीपी दुर्गेश कुमार, एडीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव, एसीपी और सीएफओ व दमकल पहुंच गई थी।

पुलिस ने बिजली विभाग को सूचना देकर बिजली बंद करा दी थी। दमकलकर्मियों ने मशक्कत कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। सबसे पहले मुशीर का शव निकाला गया। फिर अंदर से हुस्नाबानो व बच्चों को बाहर निकाला गया। इस समय इनकी सांसें चल रही थी। काकोरी पुलिस ने इन्हें एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

मुशीर अपने भाइयों पप्पू, बब्बू, बबलू के साथ रहता था। ऊपर उसका जरदोजी का कारखाना भी था। मंगलवार को मुशीर की शादी की सालगिरह थी। बहनोई अजमत तीन बच्चों संग मुशीर के यहां आया था। घरवालों के मुताबिक मुशीर दूसरी मंजिल पर रहता था। बड़े कमरे को उसने जरदोजी कारखाना बना रखा था। दूसरे कमरे में ही उसने कोने में रसोई बना रखी थी। यहीं दो सिलेण्डर से खाना बनता था। भाइयों ने बताया कि पहले शार्ट सर्किट से आग लगी फिर लपटों ने सिलेण्डर को चपेट ले लिया और दोनों सिलेण्डरों में विस्फोट हो गया।

Check Also

स्कूल कार्यालय में ही अचेत होकर गिर पड़े प्रधानाध्यापक, मौत से शिक्षा जगत स्तब्ध

करुणेश पाण्डेय की रिपोर्ट बलिया। शिक्षा क्षेत्र नगरा से बड़ी दुःखद खबर आई है, जहां …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *