दिल्ली । दिल्ली के पास आगामी दिसंबर तक सीसीटीवी कैमरों के जरिए खुद का निगरानी तंत्र होगा। इसके साथ ही सार्वजनिक जगहों पर मुफ्त वाईफाई की सुविधा भी होगी। राजधानी में चप्पे-चप्पे पर निगरानी के लिए रिहायशी कॉलोनियों और बाजारों में जून से सीसीटीवी लगाने का काम शुरू हो चुका है। इसके साथ पीडब्ल्यूडी 35 हजार वाईफाई राउटर भी लगाएगी। मुफ्त इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने की ‘आप’ सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत ही पूरी दिल्ली में सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं । दिल्ली सरकार ने दो चरणों में 2.8 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला लिया है। पहले चरण में 1.4 लाख सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही दो चरणों में 70 हजार वाईफाई राउटर भी लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सलाहकार और इन दोनों प्रोजेक्ट के प्रभारी गोपाल मोहन ने बताया कि हम सीसीटीवी और वाईफाई के साझा मॉडल पर काम कर रहे हैं। कैमरा उच्च गुणवत्ता की वीडियो फुटेज उपलब्ध कराएगा और वाईफाई राउटर अपने चारों तरफ 50 मीटर के दायरे में हॉटस्पॉट का काम करेगा।
कैमरों से लाइव फुटेज केवल आरडब्ल्यूए सदस्य, पीडब्ल्यूडी अधिकारी, दिल्ली पुलिस और उस कंपनी के प्रतिनिधि देख पाएंगे, जिनको इन्हें लगाने और मेंटीनेंस का जिम्मा सौंप गया है।
सब की नजर | हर अपराध पर हमारी नजर #1 Hindi News Portal