लखनऊ । दिल्ली के आनंद विहार से लखनऊ के आलमबाग जा रही रोडवेज बस में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर माइलस्टोन 77 के निकट अचानक आग लग गई। आग लगने से बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही डीएम पीके उपाध्याय, एसपी अजय शंकर राय, एएसपी ओमप्रकाश सिंह, सीओ करहल राकेश पांडेय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। चिकित्सकों की टीम भी मौके पर बुला ली गई।
ज्ञात हो कि सोमवार देर रात तकरीबन दो बजे दिल्ली से लखनऊ जा रही रोडवेज बस में आग लग गई। बस में आग लगते ही यात्रियों में चीख़पुकार मच गई। जब तक बस में सवार यात्री उतर पाते तब तक एक बच्चा एक महिला सहित 4 यात्री जिंदा जल गए। घटना की जानकारी पाते ही जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। फायर ब्रिगेड और डॉक्टरों की टीम को मौके पर बुला लिया गया है।
घटना की जानकारी पाकर करहल मैनपुरी से पहुची फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। बस में कितने यात्री थे इसकी कोई जानकारी नहीं हो सकी है। आग लगने के कारणों का भी अभी पता नहीं चला है। हालांकि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात फिलहाल सामने आई हैं। सीओ सिटी का कहना है बस अंदर से पूरी तरह बंद है। बस काटने के लिए कटर मंगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बाद ही मरने वालों की संख्या का ठीक से पता चल सकेगा।
सब की नजर | हर अपराध पर हमारी नजर #1 Hindi News Portal