दिल्ली । बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने आज दिल्ली में प्रेस कांफ्रेंस की। भाजपा सरकार पर हमला करते हुए मायावती ने कहा, ‘केंद्र में भाजपा सरकार को पांच साल पूरे होने वाले हैं। कुछ महीनों बाद आम चुनाव होने वाले हैं। भाजपा खासतौर से नरेंद्र मोदी ने 2014 में लोगों से किए गए 50 प्रतिशत वादे भी पूरे नहीं किए हैं। भाजपा और पीएम को यह पता है। उन्हें यह महसूस हो गया है कि वह सत्ता में वापस नहीं आएंगे।’
राम मंदिर के बहाने केंद्र सरकार पर हमला करते हुए मायावती ने कहा कि वह अपनी असफलताओं से ध्यान हटाने के लिए राम मंदिर के मामले को उठा रहे हैं। यदि उनकी भावनाएं अच्छी होती तो उन्हें पांच साल तक इंतजार नहीं करना पड़ता। यह उनकी राजनीतिक रणनीति है और

इसके अलावा कुछ नहीं। उनके सहयोगी जैसे शिवसेना और विश्व हिंदू परिषद जो भी कर रहे हैं वह एक षड्यंत्र का हिस्सा है।
मायावती ने कहा कि बसपा को मालूम चला है कि भीम आर्मी, बहुजन यूथ फॉर मिशन 2019- अगली प्रधानमंत्री बहन जी जैसे संगठन हमारे विपक्ष द्वारा पर्दे के पीछे से चलाए जा रहे हैं। जो लोग भी बसपा विरोधी संगठनों को चला रहे हैं वह दलित कालोनियों में रहने वाले हमारे भोले भाले लोगों को बता रहे हैं कि वह बहनजी को प्रधानमंत्री बनाएंगे।
बसपा के बढ़ते मूमेंट पर ऐसे संगठन रोड़ा है। बसपा सभी धर्मो और जातियों की पार्टी है। व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए ऐसे संगठन बन रहे हैं। इस तरह के संगठन चलाने वाले लोग लोगों से अपना व्यवसाय चलाने और अपने कार्यक्रमों में लोगों को इकट्ठा करने के लिए कह रहे हैं।
सब की नजर | हर अपराध पर हमारी नजर #1 Hindi News Portal